16.4.13

हिडिम्ब : क्लासिक आख्यानों की सभी खूबियों से परिपूर्ण एक दुर्लभ उपन्यास

श्री एस.आर.हरनोट का उपन्यास हिडिम्ब पर्वतांचल के एक भूखण्ड, वहां की
श्री एस.आर.हरनोट
एथनिक संस्कृति और उसकी समकालीन सामाजिक वस्तुस्थिति को रेखांकित करता एक ऐसा यथार्थपरक आख्यान है जो देहात के उत्पीडि़त आदमी की जैवी कथा और उसके समग्र परिवेश का एक सही लोखाचित्र के फ्रेम में प्रस्तुत करता है। भाषा और भाव के स्तर पर उलटफेर से गुरेज़ करता हुआ, किन्तु पहाड़ी देहात के ज्वलंत जातीय प्रश्नों को उनकी पूरी पूरी तफ़सीलों के साथ उकेरता हुआ। कहानी यों चलती है जैसे कोई सिनेमेटोग्राफ हो। लेखक खुद भी एक क्रिएटिव छायाकार है इसलिए सम्भवत: उसने हिडिम्ब की कहानी को एक छाया चित्रकार की तरह ही प्रस्तुत किया है। अपने गद्य को सजीव लैण्डस्केपों में बदलता हुआ। इस प्रकार के कथा शिल्प में पहली बार यह महसूस हुआ कि यथार्थ के मूल तत्व को उसमे किस तरह महफूज रखा जा सकता है। ऐसा गल्पित और कल्पित यथार्थ एक साथ अर्थमय भी है और अपने परिप्रेक्ष्य में भव्य भी।

उपन्यासकार ने सबसे पहले अपने पाठक को मूल कथा-चरित्रों का परिचय दिया है। इस तरह के परिचय अक्सर पुराने क्लासिक उपन्यासों में देखे जा सकते हैं। हिडिम्ब में ऐसी पूर्व-प्रस्तुतियां आख्यान के लिये भूमिका का निर्माण करती हैं ताकि लक्षित पाठक उसकी सराहना के लिए उत्प्रेरित हो सके। ऐसे पूर्वविवरण कथा के लिए क्षुधाबोधक का काम करते हैं जिन्हें लेखक ने डूबकर लिखा है। ये वस्तुपरक नहीं, चरित्रांकन करते हुए आत्मीय विवरण हैं, जिससे कथा रूपी नाटक का प्रांगण तैयार होता है। विक्टर ह्यूगो से लेकर पास्तरनाक तक के अनेक उपन्यासकारों में यह परिपाटी कहीं कथारम्भ में तो कहीं कहीं बीच में और अन्त में भी देखने को मिलती है ताकि कथाविशेष के परिवेश की औपचारिक जानकारी मिल सके। कथा का यह एक ऐसा लचीला खोल है जिसमें वह न सिर्फ़ अपनी चाल में तल्लीन एक केंचुए की तरह आगे सरकने लगती है बल्कि अपने घटना क्रियागत परिमाण को भी मर्यादित करती चलती है।

उपन्यासकार ने शावणू नड़, उसकी घरवाली सूरमादेई, बेटी सूमा और बेटे कांसीराम की दुनिया को अपनी कलम से टटोला है। यह दुनिया है विषाद, अन्याय और अभाव को वहन करती दुनिया जो कहानी के अन्त तक- जब कि नड़ अकेला रह जाता है–उसका पीछा नहीं छोड़ती। बकौल लेखक नड़ वह जाति है ’जिसकी ज़रूरत क्षेत्र के लोगों को कभी सात, कभी बारह तो कभी बीस तीस बरस बाद काहिका के लिए पड़ती है।’ काहिका एक नरबलि की अति प्राचीन परम्परा है। ’नड़ इस उत्सव का मुख्य पात्र होता’ है। ’लेकिन जब उसकी ज़रूरत नहीं होती वह अछूत, चाण्डाल बन जाता’ है। उत्सव के समय ’वह ब्राह्मण हो जाता है’–देवता, पुजारी, गूर सब उत्सव की शोभायात्रा में उसका अनुगमन करते हैं। अन्यथा ’गांव–बेड़ के पिछवाड़े का’ वह ’एक आवारा कुत्ता’ है। ’पूजा पाठ करते हुए’ यदि ’ब्राह्मण’ उसे देख ले तो उसे’ गालियां देने’ लगे। नड़ परिवार विशेष में जन्म लेने के कारण उसे काहिका को एक बड़े दण्ड के रूप में भोगना ही है। उपन्यासकार ने उक्त देवोत्सव को रेशारेशा बयान किया है ताकि पाठक यह जान सकें कि किस तरह पहाड़ी समाज में आज भी ऐसे मुकाम हैं जहां आदमी से खुद उसके सामाजिकों द्वारा एक बलिपशु का-सा बर्ताव किया जाता है। उसके सभी विवरण इस बारे में प्रामाणिक हैं जो किसी सम्वेदनशील मन में सहज ही रूढि़यों के खिलाफ़ आक्रोश और खण्डन-भाव को संचरित कर सकते हैं।

काहिका उत्सव में उसके पिता की बलि के बाद शावणू को जमीन का एक टुकड़ा विरासत में मिला था। तब वह बच्चा ही था। कहानी में काहिका प्रकरण को लेखक ने फ्लैशबैक में लेकर अपने इस मुख्यपात्र के अन्दर के बनाव और बदलाव के लिए कथा के वर्तमान का आधार तैयार किया है। पश्चदर्शन की इस शैली से कथा के निकट वर्तमान के साथ-साथ अतीत को समोकर उसने एक साथ दो आयामों को खोजा है ताकि पूरी कथा एक लड़ी में पिरोयी जा सके। उपन्यासकार ने नदी किनारे की उसकी कृषि भूमि का हवाला भी रुचिकर ढंग से दिया है। यह महज़ लैण्डस्केपिंग नहीं, परिवेश और संस्कृति का मानवीय तत्वबोध भी उसमें समाहित है। जैसे–

ज़मीन काफ़ी उपजाऊ थी। उम्दा किस्म की मिट्टी से सनी हुई।.... नीचे थोड़ी दूर एक पौराणिक नदी बहती थी।’


यहां पौराणिक नदी का होना यह साबित करता है कि वह एक प्रसिद्ध प्राचीन नदी होगी जिसका प्रसंग पुराणों में मिलता है। आगे–

’वहां कुदरत का नज़ारा बड़ा ही अद्भुत था। एकदम विलक्षण। विचित्रता अनूठी थी। काव्य के नौ रसों में से एक। पहाड़ी ढलान से नीचे उतरते खेत, मानो छन्दों में पिरोये हुए हों। दूर से देखने पर वह एक छोटा सा टापू लगता था।’

एक बेजोड़ सौन्दर्य बोध जिसकी उर्ध्व रेखाएं पूरे भूखण्ड को कथा की समानधर्मिता में ब्लेण्ड करती चलती है। प्रयोग काव्यात्मक है और चित्रात्मक भी, जो अन्तत: कथा के विकास और आने वाले बदलावों तक स्थायी रूप से ज़हन में बना रहता है। परिवेश के सामाजिक सांस्कृतिक तत्व को जानने के लिए निम्न उद्धरण सटीक होगा–

’ज़मीन के आगे एक बड़ा चरांद था जिसमें घाटी के कई गावों के पशु और भेड़-बकरियां चरा करते थे...बहुत पहले न कोई चरवाहा होता, न गवाला।...(पशु) दिनभर खूब चरते...शाम होने लगती तो खुद अपने अपने घरों को लौट आते...(लोगों) ने बाघों को भी (कई बार) नदी किनारे पशुओं के साथ सोते-जागते देखा था।’

उपन्यासकार ने यह चित्र खींच कर घाटी में व्याप्त पहले वक्तों की शान्ति को चित्रित किया है। एक ऐसा माहौल जहां बाघ-बकरी एक साथ रहते हैं।
शावणू की ज़मीन पर दौरे पर आये मंत्री की नज़र पड़ती है। यहां कथाकार ने लोलुप मंत्री का एक असुन्दर किन्तु कलात्मक व्यंगचित्र बनाया है। तन्जिया लहज़ा कहानी में उपयुक्त आवेग का संयोजन करता चलता है। एक छोटी सी बानगी–

’ज़मीन मंत्री के लिए जिस्मानी हवस की तरह हो गयी थी। वह जिस मकसद से दौरे पर आया था उसे भूल गया। सामने थी तो बस वही ज़मीन।...उसकी आंखों में वह नड़ परिवार और उसका घर चुभता चला गया।’

इस तरह की झांकियां आगे आने वाले हालात का न सिर्फ़ संकेत देती हैं बल्कि पाठक के रुझान का भी उद्दीपन करती हैं। यहां कहानी की आगामी लीक को लेखक ने बखूबी स्पष्ट कर दिया है। मंत्री के काल्पनिक प्रोजेक्शन और ज़मीन को लेकर उसकी महत्वाकांक्षाएं उसके लचर चरित्र को उघाड़ कर सामने रख देता है। हिडिम्ब की कहानी में जगह जगह रूपकों की रचना हुई है जो स्थिति विशेष की बेहतरीन ढंग से तजु‍र्मानी करते हैं। मंत्री के दरबार में ज़मीन के सौदे के लिए शावणू की हाजि़री वाला प्रसंग सटीक ढंग से रूपक में बांधा है। जैसे–

’मंत्री ने उसे भेड़िए की आंख से देखा। सिर से पांव तक...बाहर बंधा बकरा मिमियाया था।’

उपयु‍र्क्त रूपक को और ज्यादा सार्थक, उत्तेजक और अन्याय का द्योतक बनाती निम्न पंक्तियां स्थिति को संकेतात्मक रूप से सम्वेदनशील बना जाती हैं–
’शावणू ने....एक सरसरी नज़र कमरे की दीवारों पर डाली। सामने गांधी जी की फोटो टंगी थी। उस पर इतनी धूल और जाले जम गए थे कि पहचानना कठिन था।’..

मंत्री के साथ शावणू का साक्षात्कार, डाक बंगले में मंत्री का दारू पीना और ज़मीन बेचने में शावणू की साफ इन्कारी एक दलित के अन्दर की चिनगारी और नागवार हालात को बखूबी बयान करते हैं। उक्त दृश्य में बकरे का फिर वही रूपक स्थिति का कुछ इस तरह समाहार करता दिखायी देता है–

’बकरे के पास पहुंचकर शावणू के पैर अनायास ही रुक गये। उसे दया भरी दृष्टि से देखा। फिर आरपार घाटियों की तरफ। अनुमान लगाया होगा कि सांझ और बकरे की जिन्दगी में कितना फासला शेष रह गया है।....उस समय उसे अपने और बकरे में कुछ अधिक फर्क न लगा।’

फर्क था तो बस इतना कि बकरा शीघ्र ही शाम को मंत्री और उसके परिकरों की पार्टी के लिए जिबह होने वाला था जबकि शावणू को इन्तजा़र था उस दुखद घड़ी का जब मंत्री राजस्व के सेवादारों से मिलकर किसी न किसी प्रकार उसकी पुश्तैनी ज़मीन पर काबिज़ हो जाएगा। उस ज़मीन पर, जो अब तक उसे आजीविका देती रही थी। अपनी इस चाह को पूरा करने के लिये मंत्री स्थानीय तत्वों को उपयोग में लाता है। इनमें मुख्य हैं पंचायत का पूर्व प्रधान, शराब का ठेकेदार और डिपो का सेक्रेटरी। मंत्री के ये जीहजूरिये उसकी इच्छाओं का पूरा ध्यान रखते हैं। उसे खुश करने के लिये वे किसी से भी बदतमीज़ी पर आमादा हो सकते हैं। ’शावणू जानता’ है ’कि वे तीनों उस मंत्री के खासमखास हैं’ और उनके फैलाए जाल में ’कोई भी भला आदमी फंस सकता है।’ लेखक ने इन्हें लार टपकाते कुत्तों की संज्ञा दी है। ये लोग ज़मीन के मालिक शावणू पर हर तरह का दवाब डालते हैं मगर उसकी बीवी कड़ा रुख अपनाती है और उन्हें खदेड़ने के लिए ’विकट और विराट रूप’ भी धारण कर लेती है।

हिडिम्ब में न सिर्फ़ नड़ परिवार और उससे जुड़े प्रसंगों की कहानी कही गयी है बल्कि घाटी में आ रहे नये बदलावों की ओर भी इशारा किया गया है। यहां ’कुछ (लोग) चरस-भांग और विदेशी नशा बेचकर तो कुछ देवदार जैसी बेशकीमती लकड़ी की तस्करी करके’ मालामाल हुए हैं। आसपास के जनपदों पर सामाजिक टीका-टिप्पणी और व्याख्या उपन्यास को एक वचनबद्ध कृति का दर्जा देती है और बीच बीच में दिखायी देते काले स्पॉट पाठक को इस बात का भान करा देते हैं कि विकास के नाम पर पर्वतांचल का आदमी किस तरह अपने ही घर द्वार पर शोषक तत्व का बन्धक बना है।

शोभा लुहार ने इस कहानी में एक चरित्रशाली ग्रामीण दस्तकार की भूमिका निभाई है। वह वयोवृद्ध है। अपने से काफ़ी कम उम्र के शावणू से उसकी अभिन्न मित्रता है। दोनों जब-जब भी कहानी में एक साथ नज़र आये हैं कहानी को एक गम्भीर और अर्थमय वातावरण दे जाते हैं। नायक के संकटग्रस्त जीवन में कहीं इन्सानी उच्चता है तो वह यहीं है, शोभा की दोस्ती में। ’जैसे-जैसे उम्र ढलती गई, लुहार का काम पीछे छूटता रहा’। शोभा के बच्चों ने भी पुश्तैनी काम नहीं किया। जिससे इस वयोवृद्ध दस्तकार को अपना ’आरन बन्द करना पड़ा’। जाति-वर्ग के लिहाज़ से यद्यपि शोभा लोहार शावणू से श्रेष्ठ है फिर भी शावणू नड़ को वह पूरा सम्मान देता है। एक भेंट में उसको उसने ’मंजरी पर बैठने के लिए (भी) कहा था’।

उपन्यासकार ने इन पात्रों के मध्यम से जातिवाद पर करारी टिप्पणी की है। साथ यह भी दर्शाया है कि नये सामाजिक बदलाव ने किस प्रकार पारम्परिक दस्तकारी का खात्मा किया है। उसके एवज़ कोई दूसरा सम्मानजनक आर्थिक विकल्प भी नहीं दिया। यह है एक नये और खतरनाक संक्रमण की जीती-जागती तसवीर। पूरा हिडिम्ब मानवीय त्रासद की एक अत्यन्त दर्द भरी कहानी है जिसमें मानव निर्मित अवरोध प्रकृतिस्थ भूखण्ड को एकाएक क्षतिग्रस्त कर देते हैं। बस एक सपना है जो मरीचिका की तरह आगे से आगे सरकता जाता है। प्रलयान्त मोहभंग की स्थिति तक।
आंचलिक होते हुए भी यह उपन्यास क्लासिक आख्यानों की सभी खूबियों से परिपूर्ण है। यही वे प्रसंग हैं जो हमारे समकालीन विघटन को यथार्थ के धरातल पर प्रस्तुत करते हैं। मुसलसल उदासीनता और अंधेरा छाया है इस कहानी पर। घटित से उभरता हुआ उपेक्षित मानव जीव्य। पर्वतीय घाटी का कड़वा सच। प्रकृति का बेहिसाब दोहन, पर्यावरण में आदमी की दखलन्दाजी, नशीले पदार्थों की तस्करी इस उपन्यास के कुछ ऐसे ज्वलंत मुद्दे हैं जो हमारी आज की इन्सानी दुनिया के बदरूप मटियालेपन को उभार कर सामने लाते हैं।

घाटी को नशानोशी और उससे जुड़े काले व्यापार ने बुरी तरह अपनी गिरिफ्त में कस रखा है। स्थानीय दलाल/ठेकेदार इस काम के लिए ग़रीब और दलित परिवार के बच्चों को बूटलैगर बनाकर खुलेआम अपना धन्धा चला रहे हैं। बच्चे, जिनकी उम्र स्कूल जाने की थी, वे माल को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने पर विवश किए जाते हैं। ऐसे माहौल में नशे के वे भी शिकार हुए हैं। इसका ज्वलंत उदाहरण हैं खुद शोभा लोहार और शावणू नड़ के बच्चे। इन दर्दनाक स्थितियों की दुश्वारियों में खोए एक दूसरे की पारस्परिकता से बंधे दोनों मित्रों के सरोकार एक साथ अलग-अलग स्तरों पर कहानी को आगे बढ़ाते चलते हैं। जहां मंत्री और ज़मीन का किस्सा खत्म हुआ वहां शोभा की करुण कहानी शुरू हो जाती है। शोभा दुखी है अपने बच्चों के कारण। छोटा विदेशी नशे का शिकार हुआ जबकि बड़ा दारू-भांग पीता है। दुख की विशेष मन:स्थिति में शोभा की भावभंगिमा हृदय को छूने वाली है। जैसे कि–

’कोई देखता तो जानता कि उम्र के इस पड़ाव पर बैठे शोभा के दर्द कितने तीखे और गहरे थे। जिसने अपनी टोपी की ओट में बरसों से इज्ज़त-परतीत छिपा-बचा के रखी, बुढ़ापे में किस तरह जाती रही।’

’शोभा ने गीली आंखों से शावणू की तरफ देखा था। दर्दीली नज़रों का स्पर्श शावणू को भीतर तक बींध गया था। वह जानता था कि यह दर्द अकेले शोभा का नहीं है। इस घाटी के गावों में न जाने कितने बुजुर्ग होंगे जो अपने घर में पराए की तरह दिन काट रहे थे।’

शोभा और शावणू की आपसी हमदर्दी और अपने-अपने दुखों के विनिमय से भरी यह दोस्ताना जुगलबन्दी कथा के अन्त तक उपन्यास को एक ऐसा गाढ़ा रंग देती है जो इन्सानी ज़ात और उसकी नैतिकता के समूल विखण्डन की ओर इशारा करता है। इन दोनों के दुख भरे संवाद हिडिम्ब की कहानी के अभिन्न अंग है। उनके दुख में आदमी नहीं, जानवर भी शिरकत करते दिखाये गये हैं। एक उदाहरण –

’दोनों मेमने जो बड़ी देर से आंगन में उछल-कूद कर रहे थे, शोभा के पास आकर सो गए। कुत्ते की भी जुगाली खत्म हो गई थी। वह दुम हिलाता आया और शोभा से सट कर बैठ गया। आंखें उसकी तरफ थीं। भीगी-भीगी हुई सी।’

सहसा यह वृत्त चेखव के आयोना पोतेपोव और उसके गमज़दा घोड़े की याद ताज़ा कर जाता है। आदमी और जानवर के बीच का अनन्य जुड़ाव दर्शनीय है। लेखक के पास सजाने के लिए कोई अलंकार न सही वह ऐसे ही मार्मिक दृश्यों से सहज अलंकरण का काम अपने गल्प में अन्यत्र भी लेता है।

शावणू के बेटे कांसी की मौत भी ड्रग माफिया की वजह से होती है। एक साजिश के तहत ठेकेदार और प्रधान द्वारा उसे खाने के लिए ज़हर मिला प्रसाद दिया जाता है ताकि वे मंत्री को ज़मीन न देने वाले नड़ परिवार से बदला ले सकें। वे कांसी की हत्या ही नहीं करते, उसकी ’लाश को भांग के नशे में बर्बतापूर्ण लातों-घूसों से’ मार कर अपनी घृणित भावना की पूर्ति भी करते हैं। उनकी इस जाति संहारक साजि़श में कहीं स्कूल का नशेड़ी मास्टर भी शामिल है। मास्टर जो अन्यथा समाज में एक आदर्श रुतबा रखता है। लेखक ने यहां परोक्ष रूप से एक साथ दो सामाजिक संस्थानों और उनके संचालकों पर ज़ोरदार प्रहार किया है। उसने कांसी की दर्दनाक मौत के बाद स्कूल के आसपास के वातावरण को भी उदासीन कर दिया है। मानो प्रकृति भी उस मौत पर शोक मना रही हो––

’स्कूल की छत पर बैठा कौऔं का दल उड़ गया। वे कई पल कर्कश आवाज़ करते रहे। उनकी करकराहट किसी अनहोनी को कह रही थी। कोई उनकी भाखा जानता तो देखता विद्याघर में आज कितना अनर्थ हुआ था ?......’

’.....वहां ऐसा कौन था जो उनकी भाखा सुनता। थोड़ी देर बाद पता नहीं वे कहां चले गये। वहां जो कुछ घटा उसका डर पूरे मैदान में पसर गया। न हवा चल रही थी। न कोई कौआ या चिडि़या ही कहीं चहचहा रही थी।’

ऐसे विवरण एपिक तत्वों से परिपूर्ण हैं। हूबहू प्रेमचन्दीय गल्प जैसी सरल और इन्सान को छू सकने वाली सहज भावना से ओतप्रोत। इस कथा प्रकरण के अन्त में ’घास काटती’ हुई औरत द्वारा ’भियाणी नायिका का’ यह गीत पाठक को और ज्यादा स्पन्दित कर देता है जिसमें यह कहा गया है: ’अरी भियाणी, कानों में क्या कथनी सुन ली, नौजवान की मौत हो गई, चिडि़या शाख पर रो दी।’ इस तरह के गाथाई किस्से कथा को क्या और ज्यादा दारुण नहीं बना देते ? यह दुख का विषय है कि कहानी, उपन्यास आज सामान्य लोक से उठ कर विशेष लोक में चले गये हैं। कथाकार को अब गाथाओं में गुंथी पीड़ाओं की जगह नगर-लोक ज्यादा प्रिय है।

इस कहानी में अप्रत्याशित मोड़ तब आता है जब बेटी सूमा घाटी में आये एक विदिशी युवक एरी से इकरारनामे के आधार पर विवाह कर लेती है। पुराणपंथी समाज अब उन लोगों के लिए पराया है जो जातीय परिधि से बाहर होने के कारण अन्तर्जातीय व्यवहार में लगातार घृणा व उपेक्षा का सामना कर रहे हैं। विदेशी इन रूढि़यों से सर्वथा मुक्त हैं। कॉण्ट्रेक्चुअल शादियां अब उन के लिए टाइमपास का एक सरलतम उपाय है। इसके बरक्स भारतीय समाज के लिए विवाह आज भी एक अहम संस्कार है। यह कोई व्यापारिक विनिमय का विषय नहीं। इकरारनामा जबकि एक गैर ज़िम्मेदाराना व्यवस्था है। इस की अवधि समाप्त होने पर विवाह अमान्य हो जाते हैं। पौर्वात्य भारत इसे कभी नहीं अपना सकता। यदि ऐसा हुआ तो इसके लिये जिम्मेदार है जातीय वर्गवाद। उपन्यासकार ने इस नयी विवाहपद्धति के परिणामस्वरूप आने वाले खतरों से भी सावधान किया है। यह उन कुलीन वर्गों पर एक गहरा कटाक्ष है। विशेषकर, आसपास निवास कर रहे उन ग़रीब तथा अकुलीन वर्ग के लोगों की ओर से जो अपनी जवान होती बेटियों के विवाह के लिए रिश्ते व साधन नहीं जुटा पाते। शावणू नड़ काण्ट्रेक्चुअल विवाह होने के बावजूद अपनी परम्परा और संस्कृति से विमुख नहीं हुआ है। कन्या की विदाई के समय उसके अन्दर वही भाव हैं जो एक भारतीय पिता के अन्दर ऐसे अवसरों पर स्पष्ट चीन्हे जा सकते हैं। ’दुल्हन मुन्नी उर्फ़ सूमा चली गई। सब कुछ पीछे छूटता रहा....पिता। घर। आंगन। गोशाला। पशु। खेत। क्यार। खलिहान....और पता नहीं क्या क्या ?’ शावणू के अन्दर का पिता, वियोग में पूरी तरह डूबा है जिसे लेखक ने लोकगीत की इन पंक्तियों से भावमय बना दिया है–

’इमली रा बूटा नीवां नीवां डालू
तिस्स पर बैठिया पंछी रूदन करे।
मां बोले बेटी बड़े घरे ब्याहणी
पलंगा पर बैठी बैठी राज करे।
हिडिम्ब महाभारत का एक मिथक पात्र है जिसे कथाकार ने एक बहुआयामी रूपक में बांधा है। हिडिम्ब और उसकी बहन हिडिम्बा के प्रक्षेपक, उपन्यास की कथा को एक ऐसी गाथा का रूप देते हैं जो पौराणिक होते हुए भी न सिर्फ़ लोक आस्था को व्यंजित करती है बल्कि एक ऊर्जा के रूप में निरात्म और आत्मिक दोनों स्तरों पर आज के मानवीय द्वन्द्व को भी प्रकाशित करती है। कहानी के अन्त में ये असुर आत्माएं अपने प्रकोप से चौफेर ताण्डव रचाती हैं जिसे हम एक छोटी सी किन्तु एक अर्थमय मैटाफोरिक प्रलय भी कह सकते हैं। कथा के अन्त का प्राकृति जनिक विध्वंस खुद मनुष्य के पापों और अतिवादिता का परिणाम है जिसके समाप्त होने पर ही नयी सुबह की उम्मीद की जा सकती है।

संपर्क


श्री देश र्नि‍मोही , संचालक,
आधार प्रकाशन प्रा0 लि

0172 2566952, मो0-09417267004
फ़ेसबुक पाठकों के लिये 
30% की छूट  
समीक्षक : 9/, पूजा हाउसिंग सोसाइटी,
सन्दल हिल, कामना नगरचक्कर,
शिमला–171005, हि0प्र0
फोन–0177–2633272

9.4.13

तो क्या मैं कर दूं..?



तो क्या मैं कर दूं..
जी करना ही होगा..
सच,..तो कर दूं..?
जब बड़ी से बड़ी शंका व्यक्त करते  वक्त नही पूछते  तो लघु  और लघुतम के वक्त  काहे सोचते हो हज़ूर.. आप की मर्ज़ी जहां चाहें वहां अक्खा इंडिया को तो आप की तरह के लोगों ने सर्व सुलभ-सुभीता खोली बना रक्खा है तो अब बांध,ड्रम,टंकी,सूखे नदी-नालों में कहीं भी कुछ भी कर सकते हैं.. 
एक बात बता देत हैं कै  हमाए परसाई दादा होते तो तुमाए टाइप के लोगों को किधर करना है किधर  कराना है अच्छे से समझाते बड़े बड़े लोग उनको ट्रंककाल लगाय के बता देते  थे कि "दादा, हम सही जगह पर निपट-सुलझ लिये "   पर उनकी ग़ैरमौज़ूदगी में  आप लोगों ने ये न जाना कि हम भी सहीसाट स्थान बता देते हैं.. अरे दादा के हाथ से गोलियां खाएं हैं.. बालपने से.
आपको हम एक  सच्ची सलाह देवें.. ऐसे सवालों  आप को भरी सभा में पूछने की ज़रूरत न पड़ती कि :-"तो क्या मैं वहां कर दूं..?"
 अब पूछ ही लिया है तो हम क्यों बताएं.. हम से पहले काय नईं पूछा कसम से हम बता भी देते . 
स्कूल के दिनों मास्साब और छात्र के बीच एक ज़बरदस्त कैमेस्ट्री होती है. इस करने-कराने के मसले पर . हम  शहपुरा भिटौनी के थाने वाले स्कूल  में पढ़ते थे जब हमको छोटी-मोटी शंका महसूस होती तब हम मास्साब को छिंगी दिखाते हुए हाथ जोड़ के उनके सामने खड़े हो जाते.और  जैसई हमने छिंगी उठाई उधर रजक मास्साब ने मुंडी मटकाई.. बस हम कर आते  थे. आप भी जनता को छिंगी दिखा देते .. पर आप भी क्या करते  इन दिनों आपकी कैमेस्ट्री बायो में बदल गई है..
                  तब करने-कराने के लिये जगह निश्चित होती थी.. पर अब .. अब तो  जगह जगह सुभीता खोलीयां हैं यदी न भी हो तो पूरा देश.. ही..आप के लिये !
    आप  के इस सवाल को सुन के मुझे एक कहानी याद आ रही है.- त्रेता युग में राम-रावण युद्ध के समय रावण ने अपनी तपस्या से भगवान शिव को प्रसन्न किया ताकि वह युद्ध जीत सके। शिवजी ने शिवलिंग का आकार लेकर रावण को लंका में शिवलिंग स्थापित करने का निर्देश दिया। इसके लिए भगवान शिव ने एक शर्त रखी कि शिवलिंग लो बीच में कहीं पर भी नीचे नहीं रखना है। लेकिन रास्ते में रावण को पेशाब लगी तो उसने एक गड़रिये को शिवलिंग पकड़ने को कहा। कहते हैं कि भगवान शिव ने अपना वजन बढ़ा दिया और गड़रिये को शिवलिंग नीचे रखना पड़ा। रावण को भगवान शिव की चालाकी समझ में आ गयी और वह बहुत क्रोधित हुआ। रावण समझ गया कि शिवजी लंका नहीं जाना चाहते ताकि राम युद्ध जीत सकें। क्रोधित रावण ने अपने अंगूठे से शिवलिंग को दबा दिया जिससे उसमें गाय के कान (गौ-कर्ण) जैसा निशान बन गया। 
   कुछ जगह इस कथा में यह वर्णन मिलता है-"रावण को शंका निवारते-निवारते बहुत देर लग गई तो गड़रिये बने भगवान शिव ने   शिवलिंग भूमि पर रख दिया और भूमि पर शिवलिंग का रखा जाना शर्त के विरुद्ध था अस्तु शिवलिंग रावण न ले जा सका  " साथ ही जहां रावण ने शंका निवारी थी वहां अथाह जल राशि का भंडारण हुआ "..
                    मुझे लगता है कि  शायद इसी पौराणिक कथा से प्रेरित हो कर आपने  एक आमात्य की हैसियत से जनता से सवाल किया होगा.. आप ग़लत कदापि नहीं हो सकते.. आप सर्व-शक्ति मान जो हैं..आप गलत कह ही नहीं सकते .इस सवाल ने एक प्रमेय सिद्ध कर ही दिया कि आप का पूर्व-जन्म क्या था..?
                   मेरे प्रोफ़ेसर पंकज जायसवाल का मानना था- " करना हो और सही जगह मिल जाए उससे बड़ा सुख दुनियां में नहीं होता " उनकी  इस थ्योरी को के आगे हम ने एक अंवेषण किया तो हमें पता चला कि-"जिसे बार बार इधर उधर कर लेने की आदत होती है उससे बड़ा दुनियां के लिये दु:ख दाता और कौनऊ होऊ न सकै..!

2.4.13

समीर लाल ने पार्टी बनाई खुदई बने आम ब्लागर पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष

सवाल : दो माइक क्यों
जवाब : जब सियासी मामला हो तो मुंह दो जाते हैं.. 
    समीरलाल समीर ने एक लम्बी ज़द्दो-ज़हद के बाद ब्लागर्स की एक सियासी पार्ती की घोषणा अंतत: आज़ जबलपुर आकर कर ही दी . उनका अचानक जबलपुर आगमन हुआ.आज़ अल्ल सुबह 5:30 बजे उड़न-रक़ाबी ने जबलपुर के रामपुर एम.पी.ई.बी. की पहाड़ियों जैसे ही लैण्ड किया वैसे ही उधर मौज़ूद जबलपुरिया ब्लागर्स   सह फ़ेसबुकिये क्रमश: विजय तिवारी, बवाल, राजेश दुबे , अनूप शुक्ल जी ने सुबह सवेरे टाइप का स्वागत किया. किसी के हाथ में लोटा और पानी से लबालब बाल्टी लिये था, तो कोई नीमिया दातून लिये था. बवाल चाय खौलाते पाए गए. 
पोण्ड में नहाने के इरादा था पर मुईं
गाजरघासों से डरे डरे शुक्ला जी 
  बवाल ने जब प्रात: कालीन औपचारिकाओं के निपटान के बाद चाय पेश की तो समीर लाल यह कहते पाए गये- "कौन टाइप की चाय बनाने लगे ?"- समीर का यह स्टेटमेंट सुन बवाल ने कहा-"जौन टाइप की चाय चाह रहे हो बो शाम को मिलेगी !" इस वाक्य को सुन कर अनूप शुकल जी दूर तलछटी में पानी परे पौंड में  खड़े खड़े मंद-मंद मुस्कान बिखेरेते हुए मौज लेने लगे. यूं तो वे विद्योत्तमा की तलाश में बावरे कालिदासों.  को लेकर भी चिंतित थे पर समीरलाल को लेकर कुछ अधिक भावुक भी लगे जैसा समीरलाल के लिये उनका आदि काल से रवैया रहा है...  इस बीच  उनके सेल पर एक फ़ोन आया जो सम्भवत: दिल्ली से था कालर थे सोचने वाले गधों के मित्र अविनाश वाचस्पति  को  पता नहीं किधर से समीरलाल के अत्यंत गोपनीय दौरे की भनक लगी कि बस वे लगे कि कोई जबलपुर से कन्फ़र्म कर दे कि समीर आ गये तो वे हर गोपनीय को ओपनीय करने का कारोबार आरम्भ करें. किंतु जबलपुरिया हैं कि माई नरबदा की कसम खाए बैठे है कोऊ कछु बतातई नईं आंय .. उनके दिल की हालत ... बहुत अजीब सी थी तभी हमाए फ़ोन पे फ़ोन आया रायपुर से कि हम चंगोरा भाटा से लौटकर ………… सीधे जबलईपुर आवेंगे.

शाम को हमाए कने एक गुप्त वार्ता हुई राज्य सरकार के गृह मंत्रालय के "गुप्त-वार्ता-विभाग" के कारिंदे सर पटक के हार गये पर हमारी चर्चा स्थली का पता न लगा पाए न ही समीर लाल की आमद का.खैर हमारे घर अत्यंत गोपनीय मीटिंग हुई जिसमें कई ब्लागर शामिल थे विशेष रूप से रायपुर वाले  ललित शर्मा जी की उपस्थिति से माहौल को अत्यधिक ऊष्मा मिली . बवाल हों गाना न हो हो ही नहीं सकता.. इस बार वे गा- बजा कम पसीना ज़्यादा पौंछते नज़र आए. विवेकरंजन श्रीवास्तव  डा. विजय तिवारी किसलय. सभी थे. किसलय जी मीटिंग में आंख फ़ाड़ फ़ाड़ के दरवाजे से बाहर की तरफ़ घूर रहे थे चिंतित थे उनकी नई नवेली चप्पल पहन के कोई उनकी चप्पलें चुराए न चोरी जाने का गम नहीं होता उनको पर सदा भय ये रहता है कि -कहीं चलें न.. यद्यपि वे एतियातन चप्पल को ताला मार के आए थे .. पर ताले चोरों के लिये नहीं लगते हैं,  है न पाठको !!

    इस बीच समीर लाल ने मीटिंग प्रक्षेत्र में प्रवेश किया और आते ही कहा- मित्रो, देश की तरक्क़ी में 



ब्लागर्स का अवदान नज़र नहीं आ रहा. अत मैं अपनी अध्यक्षता में आम ब्लागर पार्टी  बनाने की सहर्ष
घोषणा करता हूं.. तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्हौने विश्व भर में फ़ैले 
ब्लागर को एक लाईन का 

प्रस्ताव रख पार्टी का ज़बरिया सदस्य बना लिया . ब्लागर पार्टी में सब कुछ 

परिवर्तन शील रहेगा सिवाय अध्यक्ष को छोड़ कर 
 फ़िर पत्र-वार्ता हुई 
. जब पत्रकारों ने उनसे पूछा  कि ऐसा क्यों.कि आप ही ताउम्र अध्यक्ष रहें..?
  उन्हौने बताया कि हम अन्य सियासी पार्टियों की परिपाटी को पटे पे न आने 

देंगें. 

एक पत्रकार ने पूछा - कितनी सीटों पे लड़ेगें..?

समीरलाल बोले- हम हर चुनाव में लड़ेगें.. मनीषी और धरतीपकड़ जी की तरह.
टी वी पत्रकार ने दो माईक के बावज़ूद अपना तीसरा माईक लगभग उनके मुंह में घुसेड़ते हुए पूछा आपके 

सामने दो माइक क्यों ?


जवाब : जब सियासी मामला हो तो दो मुंह ही जाते हैं ?

प्रेस- आप सेक्यूलर हैं.. 
समीरलाल- अभी रेग्यूलर राजनीतिज्ञ तो बन जावें भाई फ़िर बतावेगें कुछ सवाल आप समय पूर्व कर लेते हो.
इस बीच उरई के प्रोफ़ेसर कुमारेंद्र सिंह सेंगर  का फ़ोन आया .. उनके काल को सार्वजनिक करने के उद्देश्य से माइक आन किया गया .. कुमारेंद्र जी ने प्रेस को बताया-"अगर फ़ेसबुक और सामाजिक साइट के लोग साथ देंगें तो " आम-ब्लागर-पार्टी " का एक क्षत्र राज होना तय है. 
          इस बीच प्रेस के अवलोकनार्थ पार्टी का चिन्ह खोला गया राजेश कुमार दुबे कृत इस चित्र का प्रयोग सर्वत्र किया जाएगा. झंडे का रंग बाद में तय किया जाने की जानकारी ललित शर्मा ने दी. उनका कहना था जिस रंग का झंडा हम स्तेमाल करेंगें उसके लिये हमारी ज्योतिषाचार्या श्रीमति संगीता पुरी बताएंगी.झंडे मे प्रयुक्त किये जाने वाले  डंडे का मापदण्ड किलर झपाटा जी करेंगे.
  आम ब्लागर पार्टी की विदेश नीति का निर्धारण ताऊ नामक ब्लागर के हाथों में होगा जबकि घरेलू मामले अनूप शुक्ला पहली फ़ुरसत में सुलटाएंगे .पार्टी प्रवक्ता के रूप में अर्चना चावजी विधि निर्माता के रूप में श्री दिनेश राय द्विवेदी जी की सदारत और  बी एस पाब्ला के संयोजकत्व में समिति का गठन होगा. जबकि मेहफ़ूज़ अली कुछ-नहीं विभाग के प्रमुख होंगे..
शेष विस्तृत दायित्वों की घोषणा बाद में करने के आश्वासन के साथ प्रेस-वार्ता समाप्त हो गई..




   पत्रकारों को एक ऐसा दुर्लभ चित्र उपलब्ध कराया गया जो दुनिया के किसी भी संग्रहालय में नहीं है यह चित्र 
ताऊ, ;ललित शर्मा, अजय झा एवम माननीय 
ओबामा जी शिखर वार्ता करते हुये।
बायें रामप्यारे, ताऊ-टीवी के लिये प्रसारण करते हुये



प्राप्त जानकारी के अनुसार जर्मनी वासी राज-भाटिया जी ने अपना रोहतक  भारत-स्थित महल पार्टी को मात्र एक रुपये किराये पर दे दिया है.
उनने कहा है कि  विश्व में फ़ैले उनके ब्लाग-परिवार को ABP
को बिना शर्त बाहर से समर्थन देंगें..
कभी डराएंगे नहीं



       
पाबला जी 
विवेक जी









पाबला जी एवम विवेक जी पार्टी के प्रमुख आधार स्तम्भ हैं
इनको मज़बूत सीमेंट से बनाया 
गया है।।











विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में विजय कुमार सप्पत्ति को जोड़ा है
जबकि पार्टी के भावुक मामलों की देखरेख के वास्ते श्रीमति इंदुपुरी गोस्वामी जी का नाम प्रसारित किया गया है 
शिवम मिश्रा एवम पद्म सिंह नामक युवा ब्लागर्स को बिना विभाग का दायित्व दिया है 


पद्म सिंह  जब हाथ वाला चश्मा पूरी तरह खा लेंगे तब उन्हैं कोई जिम्मेदारी दी जावेगी जबकि देहात की नारियों को सुनिता शर्मा जोड़ेगी 

29.3.13

झल्ले की सतफ़ेरी ने खाई भांग

कार्टूनिष्ट: श्री राजेश दुबे 
            होली की रात जब झल्ले  होलिका दहन करवा के घर  लौटे तो गुलाल में इस क़दर पुते थे कि  उनकी सतफ़ेरी तो घबरा  गईं कि जाने कौन आ घुसा घर में. फ़िर आवाज़ सुनी तब जाकर उनकी हार्ट-बीट नार्मल हुईं. नार्मल होते ही उनने सवाल किया- 
           
खाना नै खाहौ का  ..?

न आज मेरो व्रत है..

काहे को..

पूर्णिमा को ..!

कौन है जा कलमुंही पूर्णिमा ज़रा हम भी तो जानें...!

हमसैं जान के का करोगी मेरी जान..कैलेंडर उठाओ देख लो 

वो तो देख लैहौं मनौ बताओ   व्रत पूर्णिमा को है ..! 
झल्ले : हओ
श्रीमति झल्ले : कर आप रये हौ..भला जा भी कौनऊ बात भई..?

               श्रीमति झल्ले उर्फ़ सतफ़ेरी बज़ा फ़रमा रहीं हैं. झल्ले निरुत्तर थे पर हिम्मत कर बोले -काय री भागवान तैने का भंग मसक लई..?

                      नईं तो कल्लू तुमाए लाने पान लाए हथे आधौ हम खा गये ! बा में भांग हती का ? ओ मोरी माता अब जा होली गई होली में. 
     अच्छी भली छोड़ के गये थे झल्ले सतफ़ेरी को कल्लू के लाए पान ने लफ़ड़ा कर दिया अब भांग के नशे में सच्ची सच्ची बात कहेंगी. इस तनाव में झल्ले ने कल्लू को पुकारा तो कल्लू झट हाज़िर आते ही पूछा - काय भैया का हुआ..?
का वा कुछ नईं,  बता मेरा पान मुझे देता साले सतफ़ेरी को काय दिया तूने..?
लो कल्लो बात, दादा जब हमने कक्का जी को आपके भेजे नोट दये हते तौ आपनैं  हमाई  लाई लुटवा दई हती . और आज़..
अरे मूरख पैसा और पान में फ़रक है.. पगला देख  सतफ़ेरी ने पान खाओ पान में हती भांग अब तोहे होली के पुआ न मिल हैं. .. का समझौ..!
सब समझ गओ दादा का करें बताओ..?
का कर हो.. अब जो कछु करने हुए बई कर है तोरी सतफ़ेरी-भौजी. 
               भांग मिले पान खाके सतफ़ेरी के दिमाग मे एकाएक न ज़ाने किधर से अकूत  ज्ञान का प्रवाह हुआ की मत पूछिए . बोली हमको टिकट दिलाय दो। हम वार्ड पार्षद बनेंगी 
काय और जे मौड़ा मोड़ी कौन पाल है ?
तुम और कौन ? पालनें अब हम तो चुनाव लड़ हैं समझे टिकट चायने है हमें  बस नातर हम चली मायके 
                भंग के नशे में सतफ़ेरी की ज़िद्द झल्ले डर गया पता नहीं क्या कर बैठेगी.  कहते हैं भंग का नशा तीन दिन तक उतरता नहीं  और जो आदी न हो उसको तो चार दिन तक पूरी तरह गिरफ़्त में रखता है. सतफ़ेरी की मांग पर मुहल्ले में ऐन धुरैड़ी के दिन नकली चुनाव हुए.. वो भी असली जैसे.. सारे वोट सतफ़ेरी भौजी को डाले गये. सतफ़ेरी चुनाव जीतीं.. भाषण दिया अचानक गहरी नींद ने सतफ़ेरी को जकड़ लिया. दूसरे दिन सब लोगों ने सतफ़ेरी की चिटिंग शुरु की -सतफ़ेरी भौजी तुम तो पार्षद हो.. तुम चुनाव जीतीं थी. हमारे मुहल्ले में अब कोई संकट न हो ऐसा कुछ करो.. ?
           सतफ़ेरी जो अब होश में थी बोली- "भैया हरो, हमने कोई चुनाव नई लड़ौ न हम जीते तुमने जौन सतफ़ेरी को चुनाव लड़वाओ बा टुन्न हती सबरे उम्मीदवार ऐंसई होत हैं.. जिताबे वारे सुई टुन्न होत हैं.. "
  सतफ़ेरी के इस बयान को गम्भीरता से लीजिये अब आप किसी ट्न्न को न तो चुनाव लड़वाएं और न ही वोट देते समय खुद टुन्न हों.. 

26.3.13

" चम्मचों की वर्तमान दशा और उनकी भविष्य की दशा "


                                                                  राष्ट्रीय स्तर पर यशस्वियों की लम्बी फ़ेहरिश्त को देख कल्लू यश अर्जन के गुंताड़े में लग गये.एक दिन अल्ल सुबह कल्लू  आए बोले दादा-"नाम, नाम में का रखा है है इसे तो हम भी कमा सकते हैं..!"
 हम- कमाओ नाम कमाओगे तो हम हमारा मुहल्ला, तुम्हारी चाय की दुकान, सब कछु फ़ेमस हो जाएगा कमाओ कमाओ नाम कमाओ..!
कलू - दादा, एक ब्राह्मण का आशीर्वाद सुबह से मिला तो हम आज सेई काम शुरु कर देते हैं.
         हम भी बुजुर्गियत भरे भाव से मुस्कुराये उधर कल्लू फ़ुर्र से गायब. 
                              पता नहीं क्या हुआ कल्लू को. यूं तो आज़ कल आधे से ज़्यादा लोग खुद को सुर्खियों में देखना चाहते हैं. पर एक कल्लू ऐसा इंसान था जो वास्तव में इंसान था अब इसे कौन सा भूत सवार हुआ कि वो यशस्वी हो जाना चाहता है. हमने सोचा अब जब आएगा तो समझा देंगे कि यश अर्जित करने की लालसा को होली में डाल दो.. हमने अच्छे-अच्छों को यशासन से तिरोहित ही नहीं औंधे मुंह गिरते देखा है. 
               पिछले हफ़्ते कल्लू अचानक आ टपके चेहरा पर सफ़लताओं से उत्तेजित थे  बोले महाराज आपके चरणों के आशीर्वाद से हम नेता जी के चिलमची हो गये हैं. जिधर जाते हैं उधर नेताजी के साथ हमारा भी स्वागत सत्कार होता है गुरू.. अब तो पक्का है देर सवेर हमारा भी सितारा चमकेगा. !
हम : खुलके बोलो कल्लू कौन सा कारूं का खजाना पा गये हो भई ?
कल्लू : दादा, वो झलकन भैया हैं न उनकी पार्टी के हम मेम्बर बन गये. आप तो जानते हो न झलकन भैया के सितारे कित्ते बुलंदी पे चल रहे हैं.  बस उनकी चमचा गिरी करने लगे हैं. फ़त्ते भैया उनसे मिलवाए थे हमको. मां कसम  महाराज़  हमाए तो भाग खुल गये. झलकन भैया एक दिन इस प्रदेश के सबसे बड़े नेता होंगे और हम हम जो उनकी चम्मची कर रए हैं.. चमक जाएंगे !
हम : आओ, खाना खाते हैं..! 
                         ज़रा सी नानुकुर के बाद कल्लू भाई मान गये. उनकी हमारे डायनिंग हाल  में डायरेक्ट एंट्री थी, बचपन के दोस्त जो थे. कुर्सी पर यूं बैठे गोया हालिया निर्वाचित हुए हों.  बातचीत चालू हुई. खाना भी आया. हर ढौंगे में चम्मच सिर के बल धंसे थे. कुछेक चम्मच "स्पून-स्टैंड" में उल्टे टंगे थे . हमारा ध्यान खाने पर कम चम्मचों के अस्तित्व पर अधिक  था. डायनिंग रूम में स्तब्धता.. सिवाय श्रीमति जी के ये खाओ, रोटी दूं और मुंह में निष्पादित हो रही चर्वण-क्रिया के अतिरिक्त कोई शोर शराबा न था. दो तीन रोटी पेट में समाते ही कल्लू का मुंह बोलने को बाध्य हो गया बोलने लगे -भैया , बड़े  चिंतित नज़र आ रए हौ ? का बात है.. ज़रा बताओ..?
हम :- भाई कल्लू, हम " चम्मचों की वर्तमान दशा और उनकी भविष्य की दशा "  पर चिंतनरत हूं..?  
कल्लू : हिंदी में बोलो महाराज इत्ती मंहगी भाषा हम नहीं जानते.. हा हा हा 
हम :- हा हा हा , भाषा पर मंहगाई डायन का असर.. हा हा 
कल्लू :- हां तो महाराज़ बताओ न अपनी अजीबोग़रीब बात का अर्थ बताओ न " चम्मचों की वर्तमान दशा और उनकी भविष्य की दशा " क्या है..?
हम ने भी बिना नानुकुर किये बताया- देखो भाई.. चम्मचों की वर्तमान दशा ये है कि वे दाल,सब्जी, अचार, आदि वाले बर्तनों में सिर के बल डले हैं. जो चमचे काम नहीं कर रहे होते वो देखो चम्मच स्टैंड में लटके हैं वो भी गले से .. हा हा 
पर काम तो आते हैं न.... कल्लू बोला यह कथन कह कर उसने अपने को उपयोगी सिद्ध करने की कोशिश की. पर हम ने भी नहले पर दहला मारा "भैये, ग़रीबों की रसोईयों में इनका महत्व नहीं.."
   कल्लू भाई ने पलटकर चम्मच भविष्य की दशा के बारे में जानने ज़हमत नहीं उठाई गोया कि वे घबरा रहे हों कि पता नहीं हम क्या कहें और कहा फ़ंसा लें अपने बातों के बुनाव में ..
                                मित्रो, मेरे इस आलेख से भयभीत होकर राष्ट्रीय महत्व के कार्य चम्मच गिरी से मुंह मोड़ने की गलती मत कर बैठिये हमारे टाइप के लेखक विचारक कवि तो बस यूं ही शब्दों से खेला   करतें हैं  . अरे जब इतने बड्डे बड्डे महान साहित्यकार  बाल भी बांका न कर पाए व्यवस्था का तो मेरी क्या कॊवत। आप तो दफ्तर में , नेता जी कने जब जाओ तो फुल स्टेनलेस के चमचमाते  
 चम्मच  बनके जाओ. पता नहीं कब  कृपा हो  और  मोदी जी की जगह आपका नाम उछल आए  आका के मुंह से ?   

22.3.13

मिस्टर लाल हर हाल में बेहाल


श्रीमान लाल 
                             
गिरीश बिल्लोरे “"मुकुल”                 
   मिस्टर लाल मेरे ज़ेहन में बसा वो चरित्र है जो न तो हटाए हटता न ही भगाए भागता.. हर हाल में बेहाल मिस्टर लाल का ऐसा चरित्र था कि आप दूर से असहज हो जाएं पास आकर उनके आपको मानसिक दुबलापन महसूस होने लगता .. न न आप चिंता मत कीजिये मिस्टर लाल अब आपसे कभी न मिल पाएंगे क्योंकि वे इन दिनों लापतागंजवासी हो गये.
           उफ़्फ़ ये क्या सोच लिया आपने  ? मैने कब कहा कि वो –परलोक सिधारें हैं ! अर्रे वो तो ऐसी जगह गये हैं जिसका हमको पताईच्च नईं है. जिस जगह का पता न हो वो लापतागंज ही तो कहायगा न भाई.. !
     मिस्टर जाति से मानव जाति के थे जीव थे पेशे से सेवानिवृत्त अफ़सर, वृत्ति से आत्ममुग्ध, आर्थिक स्थिति वास्तव में अच्छी पर जनता के लिये दुनियां के टाप टेन ग़रीबों की सूची के पहले स्थान पर अंकित व्यक्ति थे. तो अब आप पूछेंगे कि क्या फ़ोर्ब्स की तरह ऐसी कोई किताब निकलती है जिसमें टाप-10 ग़रीबों के नाम छपते हैं.. ? या कि फ़ोर्ब्स में ही ये नाम छापे जाते हैं..?
      अब आप इस कथा को बांच रहे हैं न ! तो बांचिये काय बीच बीच में बोल के हमको डिस्टर्ब कर रहे हैं.. ! बताईये भला कोई ग़रीबों पर लिख के अपनी मैग्ज़ीन बंद करायेगा. फ़ोर्ब्स को का पड़ी है गरीबों पर विचार करने की. अपने सियासी लोगों के लिये ज़रूरी हैं ग़रीब और उनकी ग़रीबी ! सच इनके बिना सियासत एक भी क़दम आगे चले तो कहिये .
              हां तो अब कोई टोका टाकी न हो कथा फ़िर से शुरु करता हूं जिधर से छोड़ी थी-  मिस्टर जाति से मानव जाति के थे जीव थे पेशे से सेवानिवृत्त अफ़सर, वृत्ति से आत्ममुग्ध, आर्थिक स्थिति वास्तव में अच्छी पर जनता के लिये दुनियां के टाप टेन ग़रीबों की सूची के पहले स्थान पर अंकित व्यक्ति थे . अखबारों में रोज़िन्ना किराना, सोना, कपड़े का भाव देखते और लगते सरकार को कोसने. और फ़िर किसी के भी घर जाकर अपनी भड़ास निकालते- “इससे तो अंग्रेज राज़ अच्छा था, चैन की रोटी तो खाते थे, हमारे बाप दादे दस दस औलादों की भीड़ आसानी से पालते थे.”
      आज़ से असहमति की सर्वोच्च मिसाल हैं ऐसे वक्तव्य. गुलामी मंज़ूर पर रोजिया रेट-इज़ाफ़ा बर्दाश्त नहीं मि.लाल को.  मि. लाल ने बताया था एक दिन - “स्साला जित्ते में बेटे के दो बच्चों का एडमीशन हुआ उत्ते में तो हमारे गांव के बारह लड़के मेट्रिक पास हो गये थे..!”
    बज़ा फ़रमाया लाल साब ने एक दिन तो गज़ब ही बोल गये-“अर्र हमारी मां ने जितनी भी औलादें जनीं सब मरते दम उनके साथ थीं और एक जे थीं जो मरीं तो हमको अकेले क्रिया-करम कराना पड़ा ” – स्वर्गवासी अर्धांगिनी को दोष देते मिस्टर लाल को गोया मुखाग्नि देना भी गवारा न था.
      लाल साहब सुबह से म्यूनिस्पल, सरकार, मीडिया-अखबार, मौज़ूदा पहनावे, लोगों के आचार-विचार चाल-ढाल, शिक्षा व्यवस्था, यहां तक कि अपने दरवाज़े पर खड़े कुत्ते तक से असहमत रहते थे- एक बार हमने उनको सुना वे मुहल्ले के भूरा नाम के कुत्ते को डंडा फ़ैंक के मारते हुए बोल रहे थे-“स्साले, यहां ऐसे खड़ा है जैसे मैने तेरे बाप से कोई कर्ज़ लिया हो ?” कुत्ता दुम दबा के भाग निकला. हमें लगा कि मि. लाल का कुत्ते से वर्तमान में कोई बैर नहीं उसके बाप से अवश्य है. मित्रो , भले ही मि.लाल लापतागंज वासी हो गए पर असहमति के जीवाणु यत्र-तत्र-सर्वत्र है. हर आदमी दूसरे को गरियाता कोसता नज़र आ जाता है. टीवी वगैरा में रोज ऐसे किरदार बाक़ायदा बिलानागा दिखाए जाते हैं. अखबारों की सुर्खियों के लिये ऐसे ही लोग काम आते हैं. हम आप जब सार्वजनिक स्थान पर होते हैं तब ऐसे ही कोसते हैं न किसी को भी . राज की बात है आपको कहे देता हूं किसी को न कहिये- मि. लाल कोई नहीं मैं हूं, तुम हो, ये हैं, वो हैं, अर्र रुको भाई हां तुम काली पतलून वाले सा’ब तुम भी तो हो न मि.लाल.
क्या कहा- कहां है लापतागंज ?
ये ही तो है लापतागंज जहां मैं हूं, तुम हो, ये हैं, वो हैं, और वो भी हैं जो काली पतलून पहने हैं . हम जहां भी होते है लापतागंज में होते हैं.
    

Wow.....New

विश्व का सबसे खतरनाक बुजुर्ग : जॉर्ज सोरोस

                जॉर्ज सोरोस (जॉर्ज सोरस पर आरोप है कि वह भारत में धार्मिक वैमनस्यता फैलाने में सबसे आगे है इसके लिए उसने कुछ फंड...